सरायकेला (SARAIKELA): हर साल झारखंड के अलग अलग जिले में रथ मेला धूम-धाम से मनाया जाता है लेकिन इस प्रसिद्ध रथ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले एक महिला गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. सरायकेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद की गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्रवाई से मेले में सक्रिय चोर गिरोहों पर पुलिस की सतर्क निगरानी की भी पुष्टि हुई है.
बता दें, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि इस मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या-59/26, दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मुन्नी मुदलियार, कंका मुदलियार, नारायण मुदलियार और कनक विश्वास के रूप में हुई है. सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बंदेल क्षेत्र की रहने वाली हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं श्रद्धालुओं का भेष धारण कर भीड़ में शामिल हो जाती थीं और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से सोने की चेन व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती थीं.
पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद हुई. थाना प्रभारी ने बताया कि अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी रथ मेले में सक्रिय थे या नहीं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध झारखंड या अन्य राज्यों में हुई इसी तरह की चोरी की वारदातों से तो नहीं है. पुलिस ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
रिपोर्ट- बीरेंद्र कुमार
