Jharkhand

सरायकेला: ज्वेलरी शॉप में चोरी का प्रयास, भागनें के क्रम में 2 पकड़ाए

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
सरायकेला: ज्वेलरी शॉप में चोरी का प्रयास, भागनें के क्रम में 2 पकड़ाए

जमशेदपुर (Jamshedpur): सरायकेला में मंगलवार को एक ज्वेलरी शॉप में चोरी का प्रयास किया गया. सरायकेला बस स्टैंड के पास स्थित भगवती ज्वेलर्स में दो बदमाश चोरी की नीयत से घुसे थे. दोनों को ज्वेलर्स शॉप संचालक की सतर्कता से पकड़ लिया गया. हालांकि दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे लेकिन स्थानीय लोगों ने दोनों को दबोच लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस उन्हें पकड़कर थाना ले गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है. दोनों आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने ज्वेलरी शॉप के संचालक से गहने दिखाने की बात कही. संचालक गहने दिखने में व्यस्त हो गए. इसी बीच दोनों आरोपी करीब 20 हजार रुपये मूल्य के गहने लेकर भागने की कोशिश करने लगे. लेकिन स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया. आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी बाबू अली और शेख सैयद के रूप में हुई है. पुलिस उनसे यह जानने की कोशिश कर रही है कि उनका कोई गिरोह है या नहीं.

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी दुकानदार का ध्यान भटकाकर गहने अपने पास रख लिए. लेकिन दुकानदार को उनकी गतिविधि पर शक हुआ. दोनों गहने अचानक लेकर भागने लगे तो दुकानदार ने शोर मचाया. इसके बाद लोग एकजुट हुए और दोनों युवकों को खदेड़ कर पकड़ लिया. ज्वेलरी शॉप से करीब 300 मीटर दूरी पर दोनों को पकड़ा गया. पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय कारोबारी में दहशत है. आरोपियों के पास से चोरी का रहना भी बरामद कर लिया गया है.