☰
Jharkhand

सरायकेला में दिनदहाड़े हत्या से सहमे लोग ! बदमाशों ने युवक को धारदार हथियार से काटा

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

सरायकेला (SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की निर्मम हत्या कर दी.पुरा मामला बोलियाडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने की है.जहां 4-5 अज्ञात अपराधियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली. दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात को वहां मौजूद दर्जनों लोगों ने अपनी आंखों से देखा, लेकिन दहशत के कारण कोई भी बीच-बचाव करने या कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सका. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

मृतक की पहचान जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा के रूप में हुई है

घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान गम्हरिया निवासी जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा के रूप में हुई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद बोलियाडीह और आसपास के इलाकों में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल