☰
Jharkhand

सरायकेला-खरसावां में एनएच-33 पर बड़ा सड़क हादसा! बस पलटने से 20 से अधिक यात्री घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार को एनएच-33 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. झाबरी के पास कोलकाता से रांची जा रही शिवम यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के वक्त बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे. बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे में कई यात्री घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया. राहत और बचाव के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया.

फिलहाल हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति और उनकी पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस बस चालक से भी जानकारी जुटा रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा