सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला जिले में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बाघरायसाई के तीखे मोड़ के समीप जीसीबी लदे ट्रेलर और अर्टिगा कार के बीच जोरदार सीधी भिड़ंत हो गई. इस दुर्घटना में कार सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार (जेएच-05-सीएम-2355) में सवार सात लोग सोमवार सुबह करीब छह बजे सरायकेला से हाता की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बाघरायसाई के तीखे मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे जीसीबी लदे ट्रेलर (जेएच-05-डीडब्ल्यू-1929) से कार की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दुर्घटना में कार चालक सुमित कुमार कामिला (30), शिवा नायक (21), रोनक दास (19), रंजन सिंहदेव (29), चंदन सिंहदेव (27), विवेक राणा (23) और अभिषेक प्रमाणिक (19) घायल हो गए. टक्कर के बाद चालक सुमित कार के अंदर बुरी तरह फंस गया था. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला.
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया.
बताया गया कि हादसे में चालक सुमित कुमार कामिला, चंदन सिंहदेव, विवेक राणा और अभिषेक प्रमाणिक को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, शिवा नायक के चेहरे पर चोट लगी है, रोनक दास को हल्की चोटें आई हैं और रंजन सिंहदेव के पैर में चोट लगी है. ये तीनों कार की पिछली सीट पर बैठे थे. हादसे के बाद एनएच-220 पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल
