Jharkhand

सरायकेला: विशाल गोराई फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में होटल व्यवसायी विशाल गोराई पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित साईं नगर निवासी 34 वर्षीय विक्की कुमार पांडे और चौका थाना क्षेत्र के खूंटी निवासी 20 वर्षीय बजरंगी कुमार महतो के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास विशाल गोराई पर फायरिंग की गई थी. उस समय वह होटल बंद करने के बाद अपने घर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली कमर के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बालू कारोबार को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते हमले की बात सामने आई है. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी.

एसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे और बंगाल समेत आसपास के इलाकों में छिपते फिर रहे थे. पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सरायकेला-खरसावां जिले से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा और एक गोली बरामद की है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी है. अब पुलिस उन नामों और मिली जानकारी का सत्यापन कर रही है.

मामले को लेकर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 211/26 के तहत 29 जुलाई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 61(2) के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान भी शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल