Jharkhand

खरसावां-सरायकेला मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, कदमडीहा गांव के पास हादसे में चार घायल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA) : सरायकेला जिले के खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. कदमडीहा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए. घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

घटना की सूचना मिलते ही खरसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खरसावां पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया

कदमडीहा गांव के पास सीधी टक्कर

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार सरायकेला के दूधी गांव निवासी सोनम सालडी (15 वर्ष), प्रिया सोरेन (16 वर्ष) और बादल बिरूली (24 वर्ष) खरसावां में अपने जीजा के घर जा रहे थे. इसी दौरान कदमडीहा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई.

हादसे में कुल चार लोग हुए घायल

हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग घायल हुए हैं. दूधी गांव के तीनों लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया.

सभी घायलों का इलाज जारी

खरसावां पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है.

रिपोर्ट – बिरेन्द्र मंडल