Jharkhand

सरायकेला: पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से उतारा मौत के घाट,तौसीफ हत्याकांड का खुलासा

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): जमशेदपुर से सटे सरायकेला– खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में परसुडीह के युवक की हत्या मामले का खुलासा कपाली पुलिस ने कर दिया है. 15 मई को कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट में एक युवक को निर्मम हत्या हुई थी. उसपर चापड़ से कई वार किए गए थे. युवक की पहचान जमशेदपुर के  परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी मो तौसीफ उर्फ राज (21) के रूप में हुई थी. पुलिस ने उसकी हत्या करने का आरोपी बिस्टुपुर निवासी अहमद जलील अंसारी को गिरफ्तार किया है. वह मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है. सोमवार को कपाली पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि अहमद जलील अंसारी नशा करने के दौरान तौसीफ उर्फ राज की हत्या की थी. हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी. इस मामले में एक और आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू शामिल है जो फिलहाल जेल में है. पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा. गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसके पास से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद हुआ हैं. सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया. 

जेल में बंद आरोपी लेकर आया था चापड़
पुलिस के अनुसार मृतक और अहमद जलील अंसारी डोंगाघाट के पास साथ में शराब पी रहे थे. अहमद की मंशा उसकी हत्या करने की थी. पहले आरोपी ने मृतक को खूब शराब पिलाया और अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और उसे अपने साथ चापड़ लेकर आने बोला. सोनू चापड़ लेकर मौके पर पहुंचा और उसके बाद अहमद ने मृतक पर चापड़ से कई वार कर दिया. मौके पर हीं उसकी मौत हो गई. घटना के बाद दोनों मौके से भाग निकले थे. पुलिस ने इस घटना के एक आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू  को एक दूसरे मामले में 20 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. 

कराया पैदल मार्च
कपाली ओपी पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी का सोमवार को कपाली क्षेत्र में पैदल मार्च कराया. इस दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के बीच कानून का संदेश भी दिया. पैदल मार्च के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. 

TagsCRIME