सरायकेला:जिले में पेशाब करने को लेकर शुरू हुए विवाद में एक युवक की पिटाई कर दी गई है. 10-12 की संख्या में लोगों ने युवक को बेरहमी से पीटा. गनीमत रही की मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को बदमाशों को बचा कर अस्पताल पहुंचाया. जहां उसका ईलाज किया गया. वहीं घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. अन्य की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र के जीआर कॉलोनी की है.
घटना रविवार की है. जब कॉलोनी में पेशाब करने को लेकर एक युवक की पिटाई की गई. सूचना मिलने पर आदित्यपुर बाइक पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को भीड़ से बचाया और इलाज के लिए पहुंचाया.
पुलिस को दिए आवेदन में युवक ने बताया है कि 11 अक्टूबर को अपने दोस्त के घर जीआर कॉलोनी गया था. इसी दौरान काली मंदिर के पीछे नाले के पास पेशाब करने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करीब 10 से 12 लोगों ने मिलकर पिटाई कर दी. जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इसी बीच मौके पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग टीम ने हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से सुरक्षित निकाला और उसका इलाज कराया.
पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 286/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने अनुसंधान के दौरान अभियुक्त गौरव केराई उर्फ गुड्डू (पिता मंगू केराई), निवासी श्रीनाथ ग्लोबल विलेज; विशाल थापा उर्फ विकास (पिता संतोष थापा), निवासी रोड नंबर 8, कल्पनापुरी, शिव मंदिर के पास; और आकाश हांसदा (पिता वकील हांसदा), निवासी सी-8, पीएचडी कॉलोनी, आदित्यपुर को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल
