Jharkhand

बड़ी खबर: आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो युवक डूबे, तलाश जारी

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

सरायकेला: आरआइटी थाना क्षेत्र के खरकई नदी स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार शाम नहाने के दौरान दो युवक डूब गए. घटना करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है. दोनों युवक एक बाइक से चेक डैम पहुंचे थे और नदी में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान पानी के तेज बहाव के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए.डूबने वाले युवकों की पहचान धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी सोनू लोहार (18) और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया खोज अभियान

सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई. खरकई नदी में पानी का स्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

देर शाम तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका था. अंधेरा होने के कारण बचाव और खोज अभियान में भी दिक्कतें आने लगीं. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन भी चेक डैम के आसपास जुट गए.

आरआइटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे. दोनों नदी में नहाने के दौरान डूब गए. स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की जा रही है.

बताया गया कि शुभम शर्मा पूर्व में बाबा आश्रम में रहता था. दोनों युवकों के नदी में डूबने की खबर से उनके परिवारों में मातम का माहौल है.

तेज बहाव के कारण बढ़ा खतरा

बरसात के कारण इन दिनों खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी में तेज बहाव है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवक और स्थानीय लोग आसंगी चेक डैम के आसपास नहाने और घूमने पहुंचते हैं. पानी की गहराई और तेज धार का सही अनुमान नहीं होने के कारण यहां हादसे का खतरा बना रहता है.

आसंगी चेक डैम क्षेत्र युवाओं के बीच नहाने और घूमने के लिए आकर्षण का केंद्र है. हालांकि बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ खतरा कई गुना बढ़ जाता है. प्रशासन की ओर से नदी में नहीं जाने की चेतावनी के बावजूद लोग कई बार नदी में उतर जाते हैं.

इस साल अब तक पांच युवकों की जा चुकी है जान

आसंगी चेक डैम में डूबने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं. स्थानीय जानकारी के अनुसार, इस साल अब तक यहां डूबने से पांच युवकों की मौत हो चुकी है. इनमें आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 और पथ संख्या 21 के दो मित्र, एस टाइप और कल्पनापुरी के दो मित्र तथा एनआइटी का एक छात्र शामिल बताया गया है.

लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद चेक डैम क्षेत्र में युवाओं का पहुंचना और नदी में उतरना जारी है. प्रशासन की ओर से लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल चेतावनी बोर्ड लगाने से हादसों पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकती.

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आसंगी चेक डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि खासकर बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर चेक डैम की ओर जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए.