Jharkhand

Breaking : सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के घर ED की छापेमारी, जानिए क्या है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने ठेकेदार और कारोबारी संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी की. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे ED के अधिकारी तीन वाहनों से उनके आवास पहुंचे. इसके बाद टीम ने घर के अंदर तलाशी और दस्तावेजों की जांच शुरू की. ED की टीम के पहुंचने के बाद आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी नजर आई. टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों में रखे दस्तावेजों और अन्य सामग्री की पड़ताल की. बताया जा रहा है कि अधिकारी विशेष रूप से वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं. हालांकि तलाशी के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

35 करोड़ रुपये के लोन मामले से जुड़ी बताई जा रही जांच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ED की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का लोन लिए जाने और उसके भुगतान से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है. जांच एजेंसी कथित तौर पर लोन से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. कारोबारी संजय डालमिया इस लोन मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर बताए जा रहे हैं. ED की कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है.

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

छापेमारी को लेकर ED की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में कार्रवाई के दौरान किसी दस्तावेज, नकदी या अन्य सामग्री की बरामदगी के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. ED की जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या तथ्य सामने आए और मामले में आगे एजेंसी की क्या कार्रवाई होगी.

रिपोर्ट – बीरेन्द्र मंडल