☰
Jharkhand

हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में लूटकांड घटना को दिया था अंजाम, कुख्यात आरोपी बिहार से हुआ गिरफ्तार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गमहरीया लाल बिल्डिंग के पास ईश्वर लाल ज्वेलर्स में वर्ष 2023 में हुए चर्चित लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के करीब तीन साल बाद पुलिस ने फरार आरोपी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदू (26) को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है. आरोपी वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव का रहने वाला है. आदित्यपुर थाना में मामले की जानकारी देते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था. उन्होंने बताया कि 6 अगस्त 2023 की सुबह करीब 10:30 बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग के पास स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में हथियार का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. अपराधियों ने दुकान के मालिक के सिर पर पिस्तौल सटाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे. इस संबंध में दुकानदार के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज किया गया था.

कई महीनों से पुलिस कर रही थी तलाश
एसपी ने बताया कि कांड में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे. पिछले चार-पांच महीनों से पुलिस की टीम वैशाली जिले में कैंप कर आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने 26 अक्टूबर को वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर से उसे गिरफ्तार किया.

कई संगीन मामलों में आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुरेश राय एक कुख्यात अपराधी है. उसके खिलाफ अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों में पहले भी आरोप लग चुके हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में इस लूटकांड में अपनी और अन्य अपराधियों की संलिप्तता की बात स्वीकार की है. छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पु0नि0 सह थाना प्रभारी, पु0अ0नि0 असलम अंसारी, स0अ0नि0 धर्मराज कुमार तथा आरक्षी 513 दीपक कुमार टाइगर मोबाइल शामिल थे.

रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल