☰
Jharkhand

सरायकेला में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 14 वर्षीय बच्चे की मौत, सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): जिले से एक घटना सामने आई है जहां सड़क दुर्घटना में 14 वर्षीय अमन अंसारी की मौत हो गई. हादसा राजबान्ध के पास हुआ. जानकारी के अनुसार अमन सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद बच्चा सड़क पर गिर गया और विपरीत दिशा से आ रही मैजिक वाहन की चपेट में आ गया. गंभीर रूप से घायल अमन की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

मृतक अमन अंसारी कमलपुर का रहने वाला बताया गया है. वह पिछले कुछ समय से सरायकेला में रह रहा था और वाश इंजीनियरिंग शॉप में हेल्पर के तौर पर काम करता था. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक अमन काम के सिलसिले में सरायकेला में रहता था. घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने सड़क पर उतरकर दुर्घटना का विरोध किया और जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना में शामिल वाहनों और चालकों के बारे में भी पता लगाना शुरू कर दिया है. प्रशासन की ओर से लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है.

रिपोर्ट- बीरेंद्र कुमार