☰
Jharkhand

राजमहल में अतिक्रमण हटाने पर हंगामा! दुकानदारों ने सड़क पर मलबा रखकर किया प्रदर्शन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले के राजमहल शहर में फुटपाथ और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया. नगर पंचायत कार्यालय की ओर से गांधी चौक से सिंघी दलान तक सड़क किनारे लगी दुकानों को हटाने के लिए जेसीबी चलाया गया. कार्रवाई के दौरान करीब आधा दर्जन दुकानों को तोड़ दिया गया. इसके बाद दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और जेसीबी को आगे बढ़ने से रोक दिया. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन की मौजूदगी में कार्रवाई चल रही थी. फल, सब्जी और अन्य दुकानों को भी हटाने की तैयारी थी, लेकिन दुकानदारों के विरोध के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. दुकानदारों का आरोप था कि उन्हें पर्याप्त समय दिए बिना अचानक कार्रवाई शुरू कर दी गई.

विरोध कर रहे दुकानदारों ने तोड़ी गई दुकानों का मलबा गांधी चौक के सामने सड़क पर रख दिया और वहीं बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. दुकानदारों ने दूसरे व्यापारियों से भी अपनी दुकानें बंद कर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की. सड़क पर प्रदर्शन के कारण गांधी चौक और आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित हो गया. दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. बताया गया कि सड़क जाम की सूचना पुलिस को दी गई, हालांकि खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस के पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई थी. स्थिति को देखते हुए इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही.

प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का कहना था कि अगर उन्हें पहले नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया जाता तो वे अपनी दुकानों को पीछे कर लेते या सामान हटाकर खुद वैकल्पिक व्यवस्था कर लेते. दुकानदारों ने अचानक की गई कार्रवाई को अनुचित बताते हुए स्पष्ट सूचना और समय देने की मांग की. वहीं, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने दुकानदारों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने से पहले दुकानदारों को नोटिस दिया गया था. इसके बाद ही कार्रवाई शुरू की गई है. उन्होंने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर