Jharkhand

साहिबगंज में वंदे मातरम् के दौरान अधिकारी के व्यवहार पर बवाल, वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. इसी बीच तालझारी प्रखंड क्षेत्र की मोतीझरना पंचायत से सामने आया एक वायरल वीडियो चर्चा का विषय बन गया है. वीडियो में ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम् के दौरान एक पंचायती राज पदाधिकारी के आचरण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.वायरल वीडियो क्लिप में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रगीत के दौरान संबंधित अधिकारी न तो राष्ट्रीय ध्वज की ओर उचित तरीके से सलामी देती नजर आ रही हैं और न ही सावधान की मुद्रा में खड़ी दिखाई दे रही हैं. वीडियो में ध्वजारोहण के दौरान रस्सी छोड़ने जैसी कथित लापरवाही का दृश्य भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है.

 वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगीत के प्रति हर व्यक्ति से मर्यादा और सम्मान की अपेक्षा की जाती है. ऐसे में वायरल वीडियो में नजर आ रहा आचरण कई सवाल खड़े करता है.वंदे मातरम् देश के स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है. ऐसे में सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान इसके प्रति कथित लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक पक्ष अभी सामने आना बाकी है.

जांच कर अविलंब कार्रवाई करने की मांग

इधर, वायरल वीडियो क्लिप को लेकर JLKM के एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पहाड़िया ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने और पूरे घटनाक्रम की जांच कर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगीत के सम्मान से जुड़ा मामला गंभीर है. इसलिए जिला प्रशासन को वायरल वीडियो की जांच कर मामले में आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए.

नोट: वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले में प्रशासन की आधिकारिक जांच और पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर