☰
Jharkhand

चोरी के शक में दो किशोरों को दी ऐसी तालिबानी सज़ा, वीडियो देख कांप जाएगी रूह

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

साहिबगंज (SAHIBAGNJ): झारखंड के साहिबगंज जिले में कानून को हाथ में लेने का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां चोरी के संदेह में दो किशोरों को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.

जानकारी के अनुसार, पूरी घटना जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. आरोप है कि एक क्रेशर प्लांट के समीप चोरी के शक में दो किशोरों को कुछ लोगों ने पकड़ लिया. इसके बाद दोनों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो में एक किशोर को रस्सी से बांधकर लटकाया गया है और उसे लाठियों से पीटा जा रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों किशोरों में से एक महादेवरन गांव का रहने वाला है. हालांकि, घटना के संबंध में अभी तक सामने आई जानकारी की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है.

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है. लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए. किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने और किसी को बंधक बनाकर मारपीट करने का अधिकार नहीं है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

मामले को लेकर साहिबगंज के एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस वायरल वीडियो से जुड़ी एक-एक कड़ी को जोड़कर जांच कर रही है. पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करें. फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर