साहिबगंज (SAHIBGANJ) : झारखंड निर्माता, पद्म भूषण से सम्मानित एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर साहिबगंज में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ अपने दो दिवसीय साहिबगंज दौरे के दौरान कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत साक्षरता मोड़ और समाहरणालय स्थित चिल्ड्रन पार्क में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की दो आदमकद प्रतिमाओं के अनावरण से हुई. मंत्री दीपक बिरुआ ने प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया.
अधिकारों की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि गुरुजी के विचार, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे. उन्होंने लोगों से गुरुजी के आदर्शों पर चलने और राज्य के विकास में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की.
श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया
श्रद्धांजलि सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी, राजमहल विधायक एमटी राजा, जिलाध्यक्ष अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. सभी ने स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया.
कार्यक्रम के दौरान गुरुजी के जीवन, उनके संघर्ष और झारखंड आंदोलन में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. उपस्थित लोगों ने कहा कि शिबू सोरेन का योगदान राज्य के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा. श्रद्धांजलि सभा का समापन दो मिनट का मौन रखकर और गुरुजी के बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ.
रिपोर्ट – गोविंद ठाकुर
