साहिबगंज (SAHIBGANJ): रेलवे स्टेशन किसी भी शहर की पहचान और विकास की रफ्तार का आईना होता है. यहां से हर दिन हजारों यात्री अपने गंतव्य की ओर सफर करते हैं. लेकिन जब एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की बात आती है, तो यात्रियों को कई बार जल्दबाजी, भीड़भाड़ और असुविधा का सामना करना पड़ता है. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म बदलना किसी चुनौती से कम नहीं होता. अब साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर इस परेशानी को कम करने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है. स्टेशन पर बन रहे 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. यह पहल आने वाले दिनों में स्टेशन की सूरत और यात्रियों के सफर का अनुभव बदल सकती है.
मालदा मंडल का तीसरा 12 मीटर चौड़ा एफओबी
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत साहिबगंज स्टेशन पर बन रहा यह फुट ओवर ब्रिज यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम परियोजना है. यह मालदा मंडल का तीसरा 12 मीटर चौड़ा एफओबी है. शनिवार, 21 नवंबर की रात निर्धारित ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान रेलवे की तकनीकी टीम ने गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा किया. इसके लिए आधुनिक मशीनों और भारी उपकरणों का इस्तेमाल किया गया.
8 टन के गर्डर, 250 टन की क्रेन से लॉन्चिंग
एफओबी की कुल लंबाई 32.18 मीटर है. इसमें कुल 11 गर्डर लगाए जाने हैं, जिनमें प्रत्येक का वजन करीब आठ मीट्रिक टन है. गर्डर स्थापित करने के लिए 250 मीट्रिक टन क्षमता वाली रोड क्रेन लगाई गई थी. इसके साथ अतिरिक्त क्रेन और हाइड्रा मशीन भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखी गई थी. इतने भारी गर्डरों को स्थापित करने के लिए तकनीकी दक्षता और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी था.
बारिश के कारण बढ़ी चुनौती, सुरक्षा से नहीं हुआ समझौता
गर्डर लॉन्चिंग के लिए रात 00:55 बजे से सुबह 05:25 बजे तक 4 घंटे 30 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था. लेकिन कार्य के दौरान बारिश होने से गर्डरों की सतह फिसलन भरी हो गई, जिससे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चुनौती बढ़ गई. इस कारण काम पूरा करने में निर्धारित समय से 17 मिनट अधिक लगे और सुबह 05:42 बजे ब्लॉक समाप्त हुआ. रेलवे टीम ने जल्दबाजी के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता दी.
अभी बाकी है निर्माण कार्य
गर्डर लॉन्चिंग पूरी होने के बाद अब शेष डायफ्राम लगाने का काम जारी है. इसके बाद छोटे ट्रैफिक ब्लॉकों में बोल्ट कसने और टॉर्किंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. संरचना की मजबूती और सुरक्षा जांच के बाद ही फुट ओवर ब्रिज यात्रियों के लिए खोला जाएगा. मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मालदा मंडल इस परियोजना को आगे बढ़ा रहा है. एफओबी के चालू होने से स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होने और प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान होने वाली भीड़ व भागदौड़ कम होने की उम्मीद है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
