साहिबगंज (SAHEBGANJ): जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है. घर की चारदीवारी के भीतर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतका की पहचान 47 वर्षीय होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन के रूप में हुई है. घटना तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के वृंदावन कडमबा टोला की है. महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने उसके बेटे और बहू पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, होपन सोरेन अपनी भैंस को चारा देकर घर लौटी थीं. इसके बाद वह सोने चली गईं. बताया जाता है कि उस समय उनका बेटा विष्णु बेसरा घर पर मौजूद नहीं था और वह कल्याणचक में मेला देखने गया हुआ था. बुधवार सुबह घर लौटने पर बेटे ने अपनी मां को मृत अवस्था में पाया. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई. सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की. मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की.
मायके पक्ष ने लगाया ससुराल वालों पर आरोप
इधर, महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने बेटे और बहू पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि मृतका और उसके बेटे-बहू के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. संतान नहीं होने और ओझा-गुणी से जुड़े अंधविश्वास को लेकर भी परिवार में विवाद की बात सामने आई है. हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं. आखिर महिला की मौत के पीछे क्या वजह रही, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
