Jharkhand

जलजमाव से बेहाल साहिबगंज का कल्यानचक अंडरपास, राहगीरों की बढ़ी  मुश्किलें

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
जलजमाव से बेहाल साहिबगंज का कल्यानचक अंडरपास, राहगीरों की बढ़ी  मुश्किलें

साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले के कल्यानचक फाटक के समीप रेलवे द्वारा निर्मित अंडरपास इन दिनों यात्रियों के लिए सुविधा नहीं बल्कि बड़ी परेशानी का कारण बन गया है.अंडरपास में बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है,जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं वाहन चालकों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

अंडरपास में कई दिनों से पानी भरा हुआ है

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में कई दिनों से पानी भरा हुआ है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.हालत यह है कि लोगों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर और पैंट मोड़कर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है.पानी के अंदर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण कई वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके है.

उच्चस्तरीय जांच की मांग 

ग्रामीणों और यात्रियों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई,जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए इसकी  उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.हाल ही में अंडरपास से गुजरने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए रॉकी ठाकुर ने बताया कि पानी भरे रहने के कारण सड़क का वास्तविक स्वरूप दिखाई नहीं देता. इसी वजह से उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है.

अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं

वहीं स्थानीय यात्री शंकर ठाकुर ने कहा कि अंडरपास का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए किया गया था,लेकिन आज यह क्षेत्रवासियों के लिए मुसीबत का पर्याय बन गया है.रोजाना सैकड़ों लोगों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, लेकिन जलजमाव के कारण सभी को परेशानी झेलनी पड़ रही है.उन्होंने रेलवे प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की.स्थानीय निवासी उदय कुमार ने इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जाती. उन्होंने स्थानीय सांसद और विधायक से क्षेत्र की इस गंभीर समस्या पर तत्काल हस्तक्षेप करने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चितd करने की मांग की.

अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

आगे क्षेत्र वासियों ने भी रेलवे प्रशासन व निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.लोगों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसी समस्याएं बार-बार सामने आती रहेंगी.स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल जमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे.उनका कहना है कि अंडर पास जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना था,लेकिन वर्तमान स्थिति में यह आम लोगों के लिए खतरे का केंद्र बन गया है.

रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर