साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के बुधवारिया गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से 9 वर्षीय अनुज कुमार की मौत हो गई. बताया गया कि अनुज घर के पास फोरलेन सड़क के समीप खेल रहा था. इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में चप्पल धोने के लिए गया. चप्पल धोने के दौरान अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और वह डूब गया. आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को डूबता देख शोर मचाया और परिजनों व ग्रामीणों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद आनन-फानन में अनुज को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि अनुज संजय मंडल का पुत्र था और चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था. परिजनों के अनुसार, अनुज घर के पास ही खेल रहा था और किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह हादसा हो जाएगा. बाढ़ के पानी में चप्पल धोने के दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से वह हादसे का शिकार हो गया. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद राजमहल थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची. एएसआई बबलू सोरेन और एएसआई कालीपद मुर्मू ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में बाढ़ का पानी जमा होने के कारण कई जगह गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में ग्रामीणों से पानी भरे इलाकों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की जा रही है. 9 वर्षीय अनुज की मौत से परिवार ने अपना सबसे छोटा सदस्य खो दिया है और घटना के बाद पूरे गांव में गम का माहौल है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
