साहिबगंज(SAHEBGANJ): रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में संयुक्त रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है. मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) और जीआरपीएस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को करीब ₹38 लाख मूल्य की ब्राउन शुगर/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय साहेब अंसारी, निवासी कालियाचक के रूप में हुई है.
ऑपरेशन नारकोस के तहत हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत पूर्व रेलवे द्वारा रेलवे परिसरों एवं रेलमार्गों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में खुफिया सूचना के आधार पर आरपीएफ सीआईबी मालदा और जीआरपीएस मालदा टाउन की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाई थी. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर साहेब अंसारी को रोककर हिरासत में लिया गया.
साबुन के दो डिब्बों से मिली 190 ग्राम ब्राउन शुगर
तलाशी की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न कराने के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेट सुमन देबनाथ की उपस्थिति में आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी ली गई. इस दौरान उसके सामान से प्लास्टिक के साबुन के दो डिब्बे बरामद हुए. इन डिब्बों में क्रमशः 102 ग्राम और 88 ग्राम मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया था. कुल 190 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है. मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर भी मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई.
किशनगंज ले जानी थी नशे की खेप
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने यह खेप कालियाचक से प्राप्त की थी और इसे किशनगंज जाने वाली ट्रेन के माध्यम से निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाना था. इस काम के बदले उसे मात्र 7 हजार रुपये देने का वादा किया गया था. हालांकि, अपने मंसूबे में कामयाब होने से पहले ही वह सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ गया.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में जीआरपीएस मालदा टाउन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) एवं 29 के तहत मामला संख्या 151/26 दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
रेलवे प्रशासन ने दोहराई जीरो टॉलरेंस की नीति
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान को लेकर रेलवे प्रशासन ने मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई है. पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि ट्रेनों और स्टेशन परिसरों का इस्तेमाल अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के लिए न किया जा सके.
रिपोर्ट- गोविन्द ठाकुर
