साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले में दीपावली के उल्लास के बीच गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पूर्वी फाटक के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसी दौरान कथित तौर पर पुलिस जवान पवन साह ने मुन्ना साह पर गोली चला दी. गोली उनके सिर में लगी. बताया जा रहा है कि सिर में दो गोलियां लगने से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर एवं नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार कर लिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक जवान बोकारो जिला बल में पदस्थापित बताया जा रहा है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की पूरी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
बताया जाता है कि मृतक मुन्ना साह टेंट हाउस का संचालन करने के साथ हलवाई का काम भी करते थे. उनकी हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस जवान ही आखिर इस तरह की गंभीर वारदात में कैसे आरोपित बन गए? फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर
