साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले की पुलिस टीम ने गौरचन्द्र बागती हत्याकांड का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास गौरचन्द्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. मामले में पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मामला रविवार सुबह का है, जब गौरचन्द्र बागती की हत्या मॉर्निंग वॉक के दौरान गला रेतकर कर दी गई थी. मामले की जांच में पुलिस कल से ही जुटी थी और अब पुलिस ने गौरचन्द्र बागती के चचेरे भाई बहादुर बागती को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या करने के लिए प्रयोग किया गया चाकू और चप्पल भी बरामद किया है. मामले की जांच राधानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर की जा रही है. जिसकी जानकारी राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी है.
अब इस मामले में आगे क्या तथ्य निकलकर सामने आते हैं और हत्या के पीछे क्या कारण है, इस बात का पता पुलिस लगाने की कोशिश कर रही है. साथ ही अब देखना ये रहेगा कि अब ये पूरा मामला आगे क्या मोड़ लेता है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर