Jharkhand

साहिबगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, अभियान चलाकर बरामद किए 46 मोबाइल, मालिकों को लौटाए

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले में पुलिस के ‘खोजे मोबाइल अभियान’ के तहत राजमहल अनुमंडल के चार थाना क्षेत्रों से 46 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए. पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की.एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर तकनीकी शाखा की मदद से राजमहल, तालझारी, तीनपहाड़ और राधानगर थाना पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया. पुलिस ने तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास के बाद अलग-अलग स्थानों से गुम मोबाइल बरामद किए.

46 मोबाइल बरामद

बरामद किए गए मोबाइल फोन को मंगलवार को राजमहल थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया. मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. कई लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद कम रहती है, लेकिन पुलिस के प्रयास से उन्हें उनका मोबाइल दोबारा मिल गया.थानावार देखें तो राजमहल थाना क्षेत्र से 14 मोबाइल, तालझारी थाना क्षेत्र से 13 मोबाइल, राधानगर थाना क्षेत्र से 12 मोबाइल और तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से 7 मोबाइल बरामद किए गए. इस तरह चार थाना क्षेत्रों से कुल 46 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए.

मालिकों को लौटाए

पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की तलाश तकनीकी शाखा के सहयोग से लगातार जारी है. पुलिस की ओर से मोबाइल से जुड़ी शिकायतों की जांच की जाती है और तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल को खोजने का प्रयास किया जाता है. मोबाइल बरामद होने के बाद उसके वास्तविक मालिक की पहचान और जरूरी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाती है. इसके बाद मोबाइल संबंधित धारक को वापस सौंप दिया जाता है.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए इसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को दें. साथ ही जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि पुलिस तकनीकी माध्यम से मोबाइल की तलाश कर सके. पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर