साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले से बड़ी खबर सामने आई है जहां राधानगर थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला बंगाली पाड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान कल्पना सरदार के रूप में हुई है. महिला के परिजनों ने पति संदीप मंडल पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
बता दें, मृतका के भाई सूरज सरदार ने बताया कि करीब दो बजे संदीप मंडल का फोन आया था. उसने बताया कि कल्पना के पेट में तेज दर्द है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. कुछ ही देर बाद उसने दोबारा फोन कर कल्पना की मौत की सूचना दी. खबर मिलते ही मृतका के भाई समीर सरदार, सूरज सरदार, पिता अशोक सरदार समेत परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सुबह करीब 5:10 बजे पुलिस को महिला की हत्या की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और पति संदीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया. मृतका के पिता अशोक सरदार के लिखित आवेदन के आधार पर राधानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
