साहिबगंज (SAHIBGANJ): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजमहल नगर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं. छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राजमहल विधायक एमटी राजा ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल, थाना प्रभारी राजमहल एवं नगर पंचायत के कर्मी मौजूद रहे. विधायक ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, पहुंच मार्ग तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया.
इस दौरान विधायक एमटी राजा ने बताया कि छठ महापर्व क्षेत्र के लोगों की आस्था और विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. इसलिए घाटों पर आने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन एवं नगर पंचायत के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि घाटों पर व्यवस्था दुरुस्त करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि छठ व्रती शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें. इस दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ गुड्डू, वार्ड पार्षद किशन बर्मन, झामुमो नगर अध्यक्ष मो. आजाद, स्मित चौरसिया, विजय यादव, राजीव बर्मन सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर
