साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले से शनिवार को पश्चिम बंगाल पुलिस ने संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड अर्पिता को गिरफ्तार किया. उसे गिरफ्तार कर पश्चिम बंगाल के बर्धमान ले जाया गया, जहां पूछताछ के दौरान लड़की ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि उसका बॉयफ्रेंड गैंगस्टर हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल उर्फ हामिद फुएगो का पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क है. उसने अपने बॉयफ्रेंड को शहजाद भट्टी से दिल्ली को उड़ाने की योजना पर बात करते हुए सुना था. हालांकि, उसने कहा कि उसे इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, क्योंकि हमीम मंडल उससे इस विषय पर अधिक बात नहीं करता था. उसने गलती से उसे किसी दूसरे व्यक्ति से बात करते हुए सुन लिया था.
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में आतंकी हमले की साजिश
पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि ये लोग पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे. इसमें कुछ महत्वपूर्ण लोग भी उनके निशाने पर थे. इसके बाद मिले इनपुट के आधार पर हमीम मंडल और उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता का पता लगाया गया. पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क का राज खुल गया. इसके बाद पुलिस ने हमीम मंडल को पश्चिम बंगाल के बर्धमान से गिरफ्तार कर लिया.आपको बता दें कि 31 जुलाई को पश्चिम बंगाल के बर्धमान पुलिस स्टेशन में एक केस दर्ज किया गया था, जिसमें पाकिस्तानी हैंडलर व अन्य लोगों के जरिए हथियारों की खरीद, कई वीआईपी लोगों को निशाना बनाने, संगठनों की खुफिया जानकारी जुटाने तथा अपहरण और हत्या जैसी वारदातों के जरिए सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्र की सुरक्षा को खतरे में डालने की साजिश रचे जाने का मामला दर्ज किया गया था.
आतंकी हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड का सनसनीखेज खुलासा
पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता को गिरफ्तार किया है, उसे हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है. वह साहिबगंज के एक कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के जरिए चार साल पहले उसकी पहचान हमीम मंडल से हुई थी. इसके बाद दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई और फिर मिलना-जुलना शुरू हुआ. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों लगातार एक-दूसरे से मिलते रहे.
आगे भी हो सकते हैं सनसनीखेज खुलासे
वहीं, साहिबगंज से गिरफ्तार करने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस उसे अपने साथ बर्धमान ले गई है. उसकी गिरफ्तारी बरहरवा थाना पुलिस के सहयोग से की गई. फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है, जिसमें कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और राज सामने आ सकें.
