Jharkhand

मोहर्रम के रंग में रंगे विधायक एमटी राजा, अखाड़े में लाठी खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

साहिबगंज (SAHIBGANJ) : जिले में मोहर्रम का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक अंदाज में मनाया जा रहा है. इसी क्रम में उधवा प्रखंड के फुदकीपुर इंग्लिश मैदान में मोहर्रम कमेटी द्वारा आयोजित अखाड़ा जुलूस और पारंपरिक कार्यक्रम में विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा शामिल हुए. कार्यक्रम में उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. मोहर्रम कमेटी ने विधायक एमटी राजा, उनके प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, अंचलाधिकारी आशीष मंडल और थाना प्रभारी अमर मिंज का पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया.

सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक एमटी राजा ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है. उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है.

फुदकीपुर इंग्लिश मैदान में आयोजित अखाड़ा प्रदर्शन और मेले में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी. इस दौरान विधायक एमटी राजा स्वयं अखाड़े में उतरे और पारंपरिक लाठी खेल का प्रदर्शन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. उनका यह अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.

मोहर्रम की शुभकामनाएं दीं

इसके बाद विधायक फुदकीपुर हटिया परिसर और बेगमगंज में आयोजित अखाड़ा कार्यक्रमों में भी पहुंचे. वहां उन्होंने लोगों से मुलाकात कर मोहर्रम की शुभकामनाएं दीं और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की.

इस मौके पर राजमहल के एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है. सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की.

रिपोर्ट – गोविंद ठाकुर