रांची(RANCHI): साहिबगंज के चर्चित नींबू पहाड़ अवैध खनन घोटाले की जांच में बदलाव किया गया है. अब इस बहुचर्चित मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के दिल्ली मुख्यालय की निगरानी में होगी. इससे पहले इस मामले की जांच सीबीआई की रांची इकाई द्वारा की जा रही थी.
जांच को दिल्ली स्थानांतरित करने का निर्णय प्रशासनिक कारणों से लिया गया है. इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे मुख्य जांच अधिकारी का हाल ही में तबादला कर उन्हें कोलकाता स्थित विशेष जांच दल (SIT) में नियुक्त कर दिया गया है. उनके स्थानांतरण के बाद जांच प्रक्रिया की निरंतरता बनाए रखने और मामले को ध्यान में रखते हुए सीबीआई ने केस को दिल्ली मुख्यालय के अधीन कर दिया है.
नींबू पहाड़ अवैध खनन मामला झारखंड के चर्चित मामलों में से एक माना जाता है, जिसकी जांच पर लंबे समय से नजर बनी हुई है. ऐसे में जांच एजेंसी किसी भी स्तर पर प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए अब दिल्ली मुख्यालय सीधे मामले की निगरानी करेगा.
सीबीआई मुख्यालय द्वारा जांच अपने हाथ में लेने के बाद मामले से जुड़े दस्तावेजों, साक्ष्यों और अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही आगे की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं भी दिल्ली स्तर से संचालित की जाएंगी.
हालांकि, मामले के तथ्यों और जांच के दायरे में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है. केवल जांच की जिम्मेदारी और मॉनिटरिंग व्यवस्था में प्रशासनिक स्तर पर परिवर्तन किया गया है. सीबीआई का उद्देश्य जांच को प्रभावी, निष्पक्ष और निरंतर बनाए रखना है.
