Jharkhand

सिदो-कान्हू समेत अमर शहीदों को झामुमो नेताओं ने किया नमन,साहिबगंज के पंचकठिया से भोगनाडीह तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

साहिबगंज (SAHIBGANJ) : हूल दिवस के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड समिति बरहेट की ओर से सादगीपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हूल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया.

आवाज उठाने की प्रेरणा देता है

कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक क्रांति स्थल पंचकठिया से हुई. यहां झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा, राजमहल विधायक एमटी राजा और बोरियो विधायक धनंजय सोरेन सहित अन्य नेताओं ने शहीदों की स्मृति में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने कहा कि हूल क्रांति के वीरों का संघर्ष आज भी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है.

अद्वितीय बलिदान को याद किया गया

इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता बरहेट के सिद्धू-कान्हू चौक और तीनमुहानी पहुंचे, जहां वीर सिदो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया. इसके उपरांत सभी लोग हूल क्रांति की जन्मस्थली और अमर शहीदों के गांव भोगनाडीह पहुंचे. वहां वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव तथा वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया गया.

अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि हूल दिवस केवल एक ऐतिहासिक तिथि नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से अमर शहीदों के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर झामुमो के जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर हूल क्रांति के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सपनों के अनुरूप समाज के विकास एवं जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया.

रिपोर्ट – गोविंद ठाकुर