साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले के तालझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर 'द न्यूज़ पोस्ट' में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है.लगातार उठ रहे सवालों और जन शिकायतों के बीच उपायुक्त दीपक दुबे स्वयं तालझारी सीएचसी पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था से नाराज उपायुक्त ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार को जमकर फटकार लगाई तथा तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया.
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं-डीसी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति,मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं, दवा वितरण व्यवस्था,साफ-सफाई और अस्पताल संचालन की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया.जांच में कई खामियां सामने आने पर उन्होंने नारा जगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उपायुक्त ने पाया कि चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और ड्यूटी संचालन में गंभीर अनियमितताएं हैं।इस पर उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर निर्धारित समय के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.साथ ही अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के बेहतर उपचार,पर्याप्त दवा उपलब्धता,स्वच्छता व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का आदेश दिया.
स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी
निरीक्षण के बाद उपायुक्त दीपक दुबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.स्वास्थ्य केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी कमियां सामने आएंगी,वहां जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी ताकि आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें.
सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे.स्थानीय लोगों का मानना है कि 'द न्यूज़ पोस्ट' द्वारा स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है.उपायुक्त के औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद अब तालझारी सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर
