साहिबगंज(SAHEBGANJ): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. पूर्व रेलवे के मालदा-साहिबगंज रेलखंड पर तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच हुए भू-धंसाव का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. लगातार बारिश के कारण ट्रैक के नीचे जमीन धंसने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ है. रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, डाउन लिंक बाधित रहने के कारण 5 सितंबर 2026 को भी कई ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा. वहीं, यात्रियों की सुविधा और रेल सेवा को सुचारू रखने के लिए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है.
5 सितंबर को मालदा टाउन-अजीमगंज पैसेंजर, मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू, साहिबगंज-अजीमगंज मेमू, भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर समेत कुल 8 ट्रेनों को रद्द किया गया है. इनमें ट्रेन संख्या 53028, 63402, 63422, 53030, 63401, 63421, 53433 और 53029 शामिल हैं. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी जांचने की अपील की है.
साहिबगंज होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भी वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है. मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस, भटिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस और उधना-मालदा टाउन स्पेशल को कटिहार-मानसी-मुंगेर-किऊल के रास्ते डायवर्ट किया गया है. वहीं, न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा शताब्दी, गुवाहाटी-हावड़ा सरायघाट एक्सप्रेस, हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत समेत कई ट्रेनों को न्यू फरक्का-अजीमगंज-कटवा-बैंडेल होकर चलाया जा रहा है. इसके अलावा कुछ ट्रेनों का रूट न्यू फरक्का-अजीमगंज-नलहाटी के रास्ते किया गया है.
रेलवे के मुताबिक, लगातार बारिश के बीच बुधवार रात पेट्रोलिंग कर रहे कर्मचारियों ने तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच अप लाइन पर भू-धंसाव देखा था. इसके बाद ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. गुरुवार रात तक करीब 80 मीटर लंबाई में लगभग दो फीट तक मिट्टी धंस गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई. करीब 56 घंटे तक रेल सेवा प्रभावित रहने के बाद रेलवे ने ट्रैक की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है. फिलहाल ट्रायल किया जा रहा है और सब कुछ सामान्य रहने पर जल्द ही रेल परिचालन शुरू होने की उम्मीद है. पूर्व रेलवे की जीएम गीतिका पांडेय ने भी शुक्रवार को अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.
