साहिबगंज:जिले के रांगा थाना क्षेत्र स्थित केशरो मोड़ के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ.हाइवा और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया. वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर जाँच में जुटी है. तीन लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फ़ैल गई.घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया.
बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में चालक सहित पांच लोग सवार होकर बरहेट से बरहरवा की ओर जा रहे थे.इसी दौरान तलबड़िया की तरफ से आ रहे हाइवा से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. और मौके पर ही तीन की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है.
घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दी है. जानकारी के अनुसार विपरीत दिशा से आ रहे टोटो को अपनी चपेट में ले लिया.16 चक्का वाहन टोटो को करीब 10 फीट तक घसीटते हुए ले गया. दुर्घटना में फंसे टोटो को निकालने के लिए दो जेसीबी मशीन की मदद ली गई है.
मृतक साप्ताहिक हाट से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे. टोटो में सब्जी और फल भी लदा हुआ था. मृतकों में एक मोंगलपाड़ा और दूसरा पतना चौक निवासी बताया जा रहा है .हालांकि अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है.
सूचना पर पुलिस पहुंची और पुलिस की मौजूदगी में दो जेसीबी की मदद से वाहन के नीचे दबे शवों को निकालने की कोशिश की जा रही थी.
रिपोर्ट:गोविन्द ठाकुर
