साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सखुआ लकड़ी से लदे टाटा 207 पिकअप वाहन को जब्त किया है. वाहन से कुल 16 बोटा सखुआ की लकड़ी बरामद की गई है. हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही हुई कार्रवाई
शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे ADB रोड स्थित देवपहाड़ मोड़, बान्झी के पास वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक टाटा 207 पिकअप वाहन में अवैध रूप से सखुआ की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर वाहन को रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान वन विभाग की टीम को सामने देखकर चालक घबरा गया और पिकअप वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. इसके बाद वनकर्मियों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 16 बोटा सखुआ की लकड़ी लदी हुई मिली. टीम ने लकड़ी समेत पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.
वन परिसर पदाधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
बताया गया कि यह पूरी कार्रवाई उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित झा के नेतृत्व में की गई. अभियान में वन विभाग के बाकी वनकर्मी भी शामिल थे. फिलहाल विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की पहचान एवं तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि सखुआ के पेड़ झारखंड के जंगलों की महत्वपूर्ण वन संपदा हैं. ऐसे में अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी से वन संपदा को नुकसान पहुंचता है. वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. अब देखना होगा कि इस मामले में लकड़ी के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क का खुलासा कब तक हो पाता है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर