साहिबगंज(Sahibganj): जिले में बाढ़ का पानी अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना नया टोला में बाढ़ के पानी में डूबने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. वहीं लगातार हो रही घटनाओं से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है.
रात में घर से बाहर निकली थीं पुष्पा देवी
मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण उनके घर के आसपास पानी भर गया था. बीती रात पुष्पा देवी शौचालय जाने के लिए अकेले घर से बाहर निकली थीं.
इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं. रात का समय होने और आसपास बाढ़ का पानी फैला होने के कारण उन्हें समय रहते मदद नहीं मिल सकी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. एसआई अखिलेश कुमार सिंह ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुष्पा देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया गया है कि वह अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों को छोड़ गई हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है.
पांच दिनों में तीन लोगों की मौत
साहिबगंज सदर प्रखंड के कई ग्रामीण इलाके इस समय बाढ़ की चपेट में हैं. कई जगहों पर घरों और रास्तों के आसपास पानी जमा होने के कारण लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों के दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से तीन लोगों की जान जा चुकी है. वहीं छह वर्षीय कंचन कुमारी अब भी लापता बताई जा रही है.
बाढ़ प्रभावित इलाकों में बढ़ा डर
लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर रात के समय पानी से घिरे इलाकों में बाहर निकलना खतरनाक साबित हो रहा है. लगातार मौत और एक बच्ची के लापता होने की घटना के बाद बाढ़ प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों को अब हालात सामान्य होने और बाढ़ का पानी कम होने का इंतजार है.
रिपोर्ट - गोविंद ठाकुर