साहिबगंज(Sahibganj): रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साफ-सफाई और कचरे के सही निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है. ‘स्वच्छता ही सेवा- 2026’ अभियान के तहत मालदा रेल मंडल की ओर से साहिबगंज समेत अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. यह अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है और 2 अक्टूबर तक चलेगा.
अभियान के दौरान यात्रियों के साथ रेलवे कर्मचारियों को भी स्टेशन और ट्रेन को साफ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने और कचरे को सही डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
चार अलग-अलग डस्टबिन में डालना होगा कचरा
रेलवे की ओर से यात्रियों को 4-बिन कचरा प्रबंधन प्रणाली की जानकारी भी दी गई. इसके तहत हरे डस्टबिन में गीला और जैविक कचरा, जबकि नीले डस्टबिन में सूखा और दोबारा इस्तेमाल या रिसाइकिल होने वाला कचरा डालने की जानकारी दी गई.
इसी तरह पीले डस्टबिन का इस्तेमाल सैनिटरी और निर्धारित श्रेणी के कचरे के लिए होगा. काले डस्टबिन में ऐसा कचरा डालना है जिसे रिसाइकिल नहीं किया जा सकता.
‘नेकी की दीवार’ से जरूरतमंदों की मदद
अभियान में रेलवे की ‘नेकी की दीवार’ पहल पर भी जोर दिया जा रहा है. इसके जरिए लोगों से ऐसे कपड़े और दूसरी उपयोगी चीजें दान करने की अपील की गई है, जिनका वे इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. इन सामानों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
इस पहल का मकसद उपयोगी सामान को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल में लाना और जरूरतमंदों की मदद करना है.
पेयजल स्रोतों की भी हुई सफाई
जंगीपुर रोड सेक्शन में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल स्रोतों की सफाई और शुद्धीकरण का अभियान भी चलाया गया. पानी की जगहों के आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया.
रेलवे प्रशासन के मुताबिक अभियान का मकसद केवल स्टेशन की सफाई करना नहीं, बल्कि यात्रियों को भी इसमें भागीदार बनाना है, ताकि रेलवे परिसर को साफ रखने की आदत रोजमर्रा के व्यवहार का हिस्सा बन सके.
रिपोर्ट - गोविंद ठाकुर