Jharkhand

बड़ी खबर: घर के बहार खड़े युवक को मारी गोली,इलाज के दौरान मौत

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
बड़ी खबर: घर के बहार खड़े युवक को मारी गोली,इलाज के दौरान मौत

 

साहिबगंज(SAHIBGANJ):नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित तिलकधारी कुआं के समीप बुधवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र निवासी सुनील कुमार दास के 20 वर्षीय पुत्र आदर्श उर्फ पुक्कू के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि आदर्श बुधवार शाम अपने घर के समीप मौजूद था.इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोली चला दी.गोली उसके बाएं सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया.हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की खबर मिलते ही मृतक के पिता सुनील कुमार दास सहित अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे.बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो उठा.

इधर, पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है.आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है.पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

इस संबंध में नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट:गोविन्द ठाकुर