Jharkhand

शराबी पिता की हैवानियत! कुल्हाड़ी से इकलौते बेटे को काटा, पत्नी पर भी किया जानलेवा वार, फिर जो हुआ....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हैवानियत की हर हद पार कर दी है. यहां एक शराबी पिता ने मामूली विवाद के बाद अपने ही इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की, लेकिन बेटी के शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है.

यह दिल दहला देने वाली घटना रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार, रविवार शाम किसी बात को लेकर पिता मुजाहिरूल हक और उसके 22 वर्षीय बेटे सफीकुल के बीच कहासुनी हुई थी. ग्रामीणों के मुताबिक, सफीकुल अक्सर अपने पिता को शराब पीने से मना करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता रहता था.

बताया जा रहा है कि देर रात मुजाहिरूल हक शराब के नशे में घर लौटा. उस समय सफीकुल घर में सो रहा था. गुस्से में आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल सफीकुल की चीख सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक वह लहूलुहान हो चुका था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेटे पर हमला करने के बाद आरोपी अपनी पत्नी पर भी वार करने के लिए बढ़ा. इसी दौरान उसकी बेटी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. लोगों के जुटने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल सफीकुल को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया. बाद में जंगीपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का कहना है कि शराब पीने का विरोध किए जाने से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर