साहिबगंज (SAHIBGANJ) : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में तालझारी प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश भी दिया गया.
सौहार्द के साथ मनाने की अपील
बीडीओ सह अंचलाधिकारी राम सुमन प्रसाद एवं थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निकाला गया यह फ्लैग मार्च धनवाद भट्टा, महाराजपुर, मोती झरना और डाक बंगला सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा. इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.
अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने या सामाजिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया.
एकता का प्रतीक
बीडीओ सह अंचलाधिकारी राम सुमन प्रसाद ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक पर्व है. उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से शांति बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है.
पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश
वहीं थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगी.
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, एसआई रामसिंह बारपाई, मनीष रंजन, ददुराय मुंडा, बब्बन कुमार, प्रधान टुडू सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
