Jharkhand

रांची: चापू टोली में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिवार वालों ने हत्या की जताई आशंका

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
रांची: चापू टोली में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिवार वालों ने हत्या की जताई आशंका

बरांची(RANCHI): अरगोड़ा थाना क्षेत्र के चापू टोली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक की पहचान डोरंडा निवासी सोनू खान के रूप में हुई है. पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना का मामला मान रही है. वहीं मृतक के परिजनों ने इस दावे पर गंभीर आपत्ति जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है. परिजनों का आरोप है कि सोनू की हत्या करने के बाद पूरे मामले को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है. इस संबंध में डोरंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.

सोनू खान को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को अस्पताल से सीधे घर ले जाया गया. इस पर पुलिस ने सवाल उठाया कि पोस्टमार्टम कराए बिना शव घर कैसे पहुंच गया. मामले की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई या उसके पीछे कोई अन्य कारण है. वहीं मृतक के परिवार का दावा है कि सोनू के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे. इसी आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

सोनू खान चापू टोली स्थित एक दुकान में काम करता था और घटना के समय भी उसी इलाके में मौजूद था. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. आसपास के लोगों, परिचितों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी ताकि घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.