Jharkhand

आज ही निपटा लें बैंक के जरूरी काम, 11 सितंबर 3 दिन बंद रहेंगी शाखाएं, जानिए वजह

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर में लगातार तीन दिन परेशानी वाले हो सकते हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल जारी रहेगी. हड़ताल को टालने के लिए केंद्रीय श्रम आयुक्त के स्तर पर हुई वार्ता में सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद बैंक यूनियनों ने हड़ताल वापस नहीं लेने का फैसला किया है. हड़ताल के अगले दिन 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें. हड़ताल के दौरान राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाओं में नकद जमा और निकासी, चेक से जुड़े काम, काउंटर सेवाओं और अन्य नियमित बैंकिंग गतिविधियों पर असर पड़ सकता है. झारखंड में भी बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल होंगे, जिससे कई शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित होने की आशंका है.

दरअसल हड़ताल रोकने के लिए केंद्रीय श्रम आयुक्त के कार्यालय में UFBU, वित्तीय सेवा विभाग और भारतीय बैंक संघ के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई. बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद UFBU ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया. यूनियनों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से लंबित है. मार्च 2024 में भारतीय बैंक संघ के साथ हुए समझौते में भी पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव शामिल था, लेकिन इस पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.

बैंक कर्मचारी संगठन पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने के साथ प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन भुगतान (PLI) में असमानता दूर करने और लंबित मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं. यूनियनों का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर स्पष्ट निर्णय या समयसीमा नहीं दी जाती, हड़ताल वापस लेने का सवाल नहीं है. हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सेवाएं पूरी तरह बंद होना जरूरी नहीं है, लेकिन उपलब्धता बैंक और सेवा के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे जरूरी लेनदेन पहले ही पूरा कर लें. नकदी की जरूरत होने पर ATM, ग्राहक सेवा केंद्र और डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है.