टीएनपी डेस्क. झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सितंबर महीने की किस्त का लाभुक महिलाओं को बेसब्री से इंतजार है. हाल ही में कोडरमा जिले की लाभुक महिलाओं के खातों में सितंबर महीने की सम्मान राशि भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद अब राज्य के अन्य जिलों की लाभुक महिलाओं को भी दुर्गा पूजा से पहले राशि मिलने की उम्मीद है.
जानकारी के मुताबिक, सितंबर महीने की किस्त का भुगतान शुरू हो चुका है. ऐसे में राज्य के अन्य जिलों में भी आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजी जा सकती है. त्योहार से पहले राशि मिलने से लाभुक महिलाएं दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान अपनी जरूरतों के मुताबिक खरीदारी कर सकेंगी.बता दें कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सम्मान राशि दी जाती है. योजना का लाभ निर्धारित पात्रता और आवश्यक दस्तावेज पूरे करने वाली महिलाओं को मिलता है.
KYC की कर लें जाँच
जिन लाभुक महिलाओं के खाते में अभी तक सितंबर महीने की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है. लाभुक अपने बैंक खाते की स्थिति की जांच कराने के साथ आधार सीडिंग और E-KYC की स्थिति भी जरूर चेक करा लें. बैंक खाते में किसी तरह की तकनीकी समस्या या आधार लिंक नहीं होने की स्थिति में भुगतान प्रभावित हो सकता है.लाभुक महिलाओं को सलाह दी जाती है कि वे अपने बैंक खाते और योजना से संबंधित विवरण को अपडेट रखें, ताकि पात्र होने की स्थिति में आगामी किस्तों का भुगतान समय पर मिल सके.
