Jharkhand

रांची में घर से मिला महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, पति हिरासत में

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र में 22 साल एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से बरामद किया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है.

चुटिया थाना क्षेत्र के घाट रोड स्थित केतारी बगान इलाके में नियम आरंभ मैरेज हॉल के पास एक घर में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं.

महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं पुलिस भी हर संभावित एंगल से जांच कर रही है. जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ किसी तरह की आपराधिक घटना हुई हो सकती है. घटना के बाद पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और महिला की मौत से पहले क्या परिस्थितियां थीं.

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोग भी पुलिस से जल्द सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असल वजह सामने आ सके.