☰
Jharkhand

महिला से की गाली-गलौज, फिर पीटा और फाड़ दिए कपड़े! रांची में महिला डॉक्टर से रंगदारी की मांग पर की गई बर्बरता

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची में रंगदारी और आपराधिक घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. ताजा मामला हरमू हाउसिंग कॉलोनी का है, जहां दो युवकों पर रंगदारी नहीं देने पर 52 वर्षीय महिला डॉक्टर निशि कुमारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है. डॉक्टर का आरोप है कि युवकों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. इस मामले में पीड़िता ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर की सुबह की है. डॉक्टर निशि कुमारी ने आरोप लगाया है कि ज्ञान गौरव और सौरभ सुमन उनके हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित फ्लैट में घुस गए. वहां पहुंचते ही दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब डॉक्टर ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनका हाथ खींचा और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया.

पीड़िता के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और गला दबाकर मारने की कोशिश की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. घटना के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि रांची की जमीन पर रहना है, तो पैसे देने ही पड़ेंगे. घटना के बाद महिला डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की. उनकी शिकायत के आधार पर ज्ञान गौरव और सौरभ सुमन को प्राथमिकी में नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.