Jharkhand

प्रेम प्रसंग में श्री नाथ यूनिवर्सिटी की महिला ने किया सुसाइड, परिजनों ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान बोकारो जिले के गोमिया स्थित करमटिया बस्ती निवासी निशा कुमारी के रूप में हुई है. वह साई नाथ यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा थीं और पढ़ाई पूरी करने के बाद वहीं कार्यरत थीं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाली निशा यूनिवर्सिटी के समीप चंदवे गांव में किराये के मकान में रहती थीं.

घटना के बाद मृतका के भाई साहिल चौहान ने पिठौरिया थाना में लिखित शिकायत देकर एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि कमल किशोर हाजरा नामक युवक ने वर्ष 2021 से शादी का भरोसा देकर निशा के साथ संबंध बनाए. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान युवती का कई बार गर्भपात भी कराया गया.

शिकायत के अनुसार, दोनों एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते थे. कुछ समय पहले निशा को जानकारी मिली कि कमल किशोर का विवाह किसी दूसरी युवती से तय हो गया है. जब उसने इस बारे में आपत्ति जताई, तो युवक ने कथित रूप से शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि उसने निशा की बड़ी बहन संध्या कुमारी से भी फोन पर विवाह से इंकार कर दिया.

परिवार का कहना है कि 27 जून को निशा गोड्डा जिले के महगामा स्थित कमल किशोर के घर भी पहुंची थी. वहां उसने युवक के परिजनों से शादी कराने की गुहार लगाई, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई. इसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी.

इसी बीच उसने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.