☰
Jharkhand

MMDR के लिए इतनी हायतौबा क्यों? क्या है इस बिल में खास, क्यों परेशान है हेमंत सरकार?

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 यानी MMDR Amendment Act को लेकर झारखंड की राजनीति में घमासान मचा हुआ है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन इस कानून को राज्य के आर्थिक और संवैधानिक अधिकारों पर हमला बता रहे हैं. वहीं, भाजपा और केंद्र सरकार के समर्थकों का तर्क है कि संशोधन से खनन व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और राज्यों द्वारा लगाए जाने वाले अतिरिक्त करों पर एक समान व्यवस्था लागू होगी.

झारखंड सरकार का दावा है कि इस कानून से राज्य को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये तक के राजस्व का नुकसान हो सकता है. सरकार को आशंका है कि खनिजों से होने वाली आय प्रभावित होने पर मंईयां सम्मान योजना और अबुआ आवास जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के वित्तीय प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर MMDR संशोधन में ऐसा क्या है, जिसे लेकर झारखंड सरकार इतनी नाराज है?

क्या राज्यों के खनिज अधिकार छीन रहा है केंद्र?
MMDR संशोधन को लेकर सबसे बड़ा विवाद राज्यों के कर लगाने के अधिकार से जुड़ा है. झारखंड सरकार का कहना है कि खनिज संपदा से जुड़े फैसलों में राज्य की भूमिका सीमित करने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी सवाल उठा चुके हैं कि झारखंड के खनिजों से जुड़े फैसले दिल्ली में बैठे लोग क्यों करेंगे?

दूसरी ओर, केंद्र सरकार के समर्थकों का तर्क है कि इस संशोधन का उद्देश्य राज्यों के मौजूदा राजस्व स्रोतों को पूरी तरह समाप्त करना नहीं, बल्कि खनिजों और खनिज-युक्त भूमि पर अतिरिक्त कर लगाने के मामले में एक समान व्यवस्था सुनिश्चित करना है. उनका कहना है कि रॉयल्टी, खदानों की नीलामी से मिलने वाला प्रीमियम और जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) जैसे वैधानिक भुगतान राज्य सरकारों को मिलते रहेंगे.

13 हजार करोड़ रुपये के सेस पर क्यों छिड़ी जंग?
इस पूरे विवाद की सबसे अहम वजह झारखंड मिनरल बियरिंग लैंड सेस एक्ट, 2024 है. जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद झारखंड सरकार ने खनिज-युक्त भूमि पर सेस लगाने का कानून बनाया था. राज्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस मद से करीब 13 हजार करोड़ रुपये या उससे अधिक राजस्व मिलने की उम्मीद थी. लेकिन MMDR संशोधन के तहत खनिज-युक्त भूमि पर अलग से सेस या कर लगाने के अधिकार पर नई पाबंदियां लगाए जाने की बात सामने आई है. इसके अलावा, संशोधन लागू होने से पहले के कुछ लंबित या पूर्वव्यापी कर दावों की वैधता भी विवाद के केंद्र में है.

झारखंड सरकार का आरोप है कि इससे कोल इंडिया, डीवीसी और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों से बकाया राशि वसूलने का रास्ता प्रभावित हो सकता है. राज्य सरकार इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले की भावना के विपरीत मान रही है और कानून के खिलाफ न्यायिक लड़ाई लड़ने की तैयारी में है.

वहीं, केंद्र के समर्थकों का कहना है कि अलग-अलग राज्यों द्वारा खनिजों पर भारी अतिरिक्त सेस लगाने से कोयला, इस्पात और बिजली उत्पादन की लागत बढ़ती है. इसका असर उद्योगों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है. उनके अनुसार, संशोधन से कर व्यवस्था में स्पष्टता आएगी और निवेश को बढ़ावा मिलेगा.

कुल मिलाकर MMDR संशोधन को लेकर विवाद दो प्रमुख सवालों पर टिका है, खनिज संपदा से जुड़े कर लगाने का अधिकार किसके पास होना चाहिए और खनिज राजस्व पर राज्यों की वित्तीय निर्भरता किस तरह सुरक्षित रखी जाए. झारखंड सरकार जहां इसे अपने राजस्व और अधिकारों पर चोट मान रही है, वहीं केंद्र के समर्थक इसे खनन क्षेत्र में एकरूपता और पारदर्शिता लाने वाला कदम बता रहे हैं. अब इस विवाद का अंतिम असर कानून के वास्तविक प्रावधानों, उनके क्रियान्वयन और न्यायिक फैसलों से तय होगा.