☰
Jharkhand

कौन है धनबाद का गैंगस्टर बंटी खान, क्या है प्रिंस खान से कनेक्शन, कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार   

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

रांची (RANCHI): धनबाद पुलिस गैंग और गैंगस्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में जुटी है. एक एक कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने में जुटी है. कभी पुलिस के लिए सर दर्द बने गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग को घुटनों पर ला दिया. पहले प्रिंस खान के सबसे करीबी रहे सैफी को जेल भेजा और अब गैंगस्टर के भाई को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया. ऐसे में सवाल है कि आखिर बंटी खान की गिरफ़्तारी कैसे हुई और प्रिंस गैंग में इसकी भूमिका कितनी बड़ी थी. कोलकाता में कितना साम्राज्य रंगदारी के पैसे से खड़ा किया जिसका जिम्मा बंटी के पास था.

रंगदारी के पैसे को ठिकाने लगाने की जिम्मेवारी

सूत्रों की माने तो सैफी के बाद प्रिंस खान का पूरा साम्राज्य बंटी संभाल रहा था. कोलकाता में रहकर गैंग के पैसे का मैनेजमेंट देख रहा था. धनबाद से हर महीने वसूली होने वाले रंगदारी के पैसे बंटी तक पहुंचाया जाता था. इसके बाद बंटी इसे अलग अलग कारोबार में इन्वेस्ट करता और कुछ पैसे को दुबई भेज देता. जिस पैसे से हथियार और गोली खरीददरी की जाती और फिर धनबाद में किसी कारोबारी के सिने में उतारी जाती थी.

धनबाद पुलिस ने बिछाया जाल

धनबाद पुलिस के मुताबिक प्रिंस खान का भाई भी कई रंगदारी और हत्या के मामले में शामिल रहा है. प्रिंस से मिले इनपुट को यह शूटर तक पहुंचता और फिर शूटर धनबाद में वारदात को अंजाम देने के बाद पैसे की वसूली कराई जाती थी. बंटी की सक्रियता बढ़ती देख धनबाद पुलिस ने इसके खिलाफ जाल बिछाना शुरू किया. पिछले कई महीनों से धनबाद पुलिस की टीम बंटी पर नजर रख रही थी. इसकी हर गतिविधि पर पुलिस का कंट्रोल था. आखिर में जब बंटी विदेश भागने की तैयारी में था. वह एयरपोर्ट तक पहुँच गया. विजा पासपोर्ट सब रेडी था. प्लेन में बोर्डिंग होने वाला था. तभी धनबाद पुलिस एक्शन में आई और बंटी खान को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.इसकी गिरफ़्तारी की पुष्टि भी धनबाद पुलिस ने किया है.

सूत्रों की माने तो बंटी खान धनबाद से वसूल किए गए पैसे से कोलकाता में कई प्रॉपर्टी खरीदी गई है.उस प्रॉपर्टी से बंटी खान को हर माह रेंट मिलता है. साथ ही कई कारोबार में भी रंगदारी के पैसे को लगाया गया है. जिसपर भी पुलिस का शिकंजा कस सकती है.फिलहाल बंटी से रिमांड पर लेकर धनबाद पुलिस पूछताछ करेगी. जिसमें कोलकाता से लेकर धनबाद तक के साम्राज्य को खंगाला जाएगा. जिससे गैंग को पूरी तरह से खत्म किया जा सके.

कौन है बंटी खान

गैंगस्टर प्रिंस खान चार भाई है. जिसमें बंटी दूसरे नंबर पर है. सबसे बड़ा भाई गोपी खान है. जो प्रिंस खान के साथ विदेश में रहता है. गोपी के बाद बंटी खान तीसरे पर प्रिंस खान और चौथे नंबर पर गॉडविन है. सभी शुरुआत में वासेपुर में ही रहते थे. लेकिन बाद में प्रिंस खान का पूरा परिवार किसी दूसरे जगह शिफ्ट हो गया. गोपी और प्रिंस खान दुबई से गैंग चलाने लगा और बंटी कोलकाता में छुप कर रहने लगा. अब आखिर में गिरफ़्तारी हो गई.