Jharkhand

CO साहब ने लटकाया म्यूटेशन तो 85 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ युवक खोलने लगा पोल, देखें वीडियो

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAG): झारखंड के हजारीबाग जिले में जमीन विवाद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग गांव में एक युवक अपनी जमीन से जुड़े मामले के समाधान नहीं होने से नाराज होकर करीब 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक ने राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की. 

युवक का आरोप है कि उसकी जमीन का दाखिल-खारिज लंबित है और कथित रूप से उसकी भूमि की जमाबंदी किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई है. उसने दावा किया कि कई बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी से क्षुब्ध होकर उसने टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया. 

मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद युवक लगातार अंचल अधिकारी (सीओ) को मौके पर बुलाने और जमीन मामले का तत्काल समाधान करने की मांग करता रहा. सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस, अंचल प्रशासन और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया. घटना की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई. पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़े. 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों के निष्पादन में हो रही देरी और दाखिल-खारिज की जटिल प्रक्रिया आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. उनका मानना है कि यदि प्रशासन समय पर शिकायतों का समाधान करे तो लोगों को इस तरह के जोखिम भरे कदम उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह घटना एक बार फिर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और जमीन संबंधी मामलों के निपटारे की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है.  फिलहाल प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और उसकी शिकायतों के समाधान की दिशा में प्रयासरत है.