☰
Jharkhand

SIR में पश्चिमी सिंहभूम का शानदार प्रदर्शन, चक्रधरपुर विधानसभा में तीनों श्रेणियों का काम 100% पूरा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के स्पेशल इन्टेन्सिव रिविज़न (SIR) का काम तेजी से चल रहा है. ऐसे में इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं से जुड़ी जानकारी का सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और गड़बड़ियों को दूर किया जा रहा है. इस बीच पश्चिमी सिंहभूम जिले ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है. जिले के 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति) में नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अदर कैटेगरी तीनों श्रेणियों के मामलों की सुनवाई और निष्पादन के साथ ECINET पर अपडेट करने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 4 नवंबर 2026 तक के आंकड़े जारी करते हुए चक्रधरपुर की पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी है. इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और बीएलओ शामिल हैं. वहीं, जिन जिलों में काम की रफ्तार धीमी है, उन्हें जल्द लंबित मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया गया है.

नो मैपिंग में राज्य का प्रदर्शन 43.35 प्रतिशत

नो मैपिंग श्रेणी में राज्यभर में कुल 14,04,033 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें से 6,08,618 मामलों का निपटारा कर ECINET पर अपडेट किया जा चुका है. इस तरह राज्य में अब तक 43.35 प्रतिशत काम पूरा हुआ है. जिलों की बात करें तो पश्चिमी सिंहभूम 96.16 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है. इसके बाद लोहरदगा 80.04, देवघर 75.25, रामगढ़ 63.19 और गुमला 61.01 प्रतिशत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हैं. दूसरी ओर गिरिडीह में 19.52, साहिबगंज में 21.03, पलामू में 25.25, पाकुड़ में 28.86 और रांची में 29.03 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है.

लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में 67.28 प्रतिशत काम पूरा

लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी श्रेणी में राज्य में कुल 45,49,961 मामले सामने आए हैं. इनमें से 30,61,159 मामलों का निष्पादन हो चुका है. यानी इस श्रेणी में 67.28 प्रतिशत काम पूरा किया गया है. पश्चिमी सिंहभूम 99.72 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है. लोहरदगा 99.08, गुमला 92.15, रामगढ़ 86.74 और सिमडेगा 85.87 प्रतिशत के साथ आगे हैं. वहीं पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, रांची और गढ़वा में काम की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है.

अदर कैटेगरी में 97.91 प्रतिशत काम पूरा

अदर कैटेगरी के तहत राज्य में सबसे अधिक काम पूरा हुआ है. कुल 1,61,65,853 मामलों में से 1,58,27,411 का निष्पादन और ECINET पर अपडेशन हो चुका है. इस तरह 97.91 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है. लोहरदगा 100 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है. पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, चतरा और खूंटी भी 99 प्रतिशत से अधिक काम पूरा कर चुके हैं.

लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा है. कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को विशेष कार्ययोजना बनाकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और कोई अपात्र या विदेशी नागरिक इसमें शामिल न हो.